किन कमियों से अनिद्रा हो सकती है?HealthPlanet

Posted on Tue 6th Dec 2022 : 17:24

सेहत की बात: शहरी लोगों को अधिक हो रही है अनिद्रा की दिक्कत, विशेषज्ञों ने पता लगाया इसका कारण, आप भी जानिए
शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना 6-8 घंटे की नींद लेने की सलाह देते हैं। पर्याप्त नींद न मिल पाने के कारण शारीरिक और मानसिक रूप से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के विकसित होने का खतरा हो सकता है। तनाव-अवसाद से लेकर हृदय रोगों के बढ़ते जोखिमों के लिए भी अनिद्रा की समस्या को एक कारक के तौर पर देखा जा रहा है। अध्ययनकर्ताओं ने पाया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वालों की तुलना में शहरी लोगों में अनिद्रा की दिक्कत अधिक देखी जा रही है, यही कारण है कि शहरी क्षेत्रों में कई बीमारियां भी काफी हावी रही हैं।

शोधकर्ताओं की एक टीम का दावा है कि शहरी लोगों में बढ़ती नींद की समस्या के लिए यहां लोगों का धूप से कम संपर्क हो पाना एक कारण हो सकता है। अध्ययनों में विटामिन-डी की कमी को इस तरह की दिक्कतों के लिए जिम्मेदार पाया गया है। सूर्य से कम संपर्क होने के कारण शरीर में प्राकृतिक तौर पर इस विटामिन का निर्माण नहीं हो पाता है जिसके कारण लोगों को नींद से संबंधित दिक्कतें हो सकती हैं। कुछ डॉक्टर्स का मानना है कि विटामिन-डी का सेवन बढ़ा दिया जाए तो इस नींद विकार को ठीक करने में मदद मिल सकती है। हालांकि सभी लोगों में नींद की कमी का कारण विटामिन-डी ही नहीं होता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन बढ़ाना चाहिए। आइए जानते हैं कि अनिद्रा को ठीक करने के लिए क्या किया जा सकता है?
विटामिन-डी की कमी और नींद विकार

नींद विकारों को लेकर किए गए अध्ययनों में पाया गया है कि मस्तिष्क के कुछ हिस्सों जहां से नींद नियंत्रित होती है, वहां पर विटामिन डी रिसेप्टर्स मौजूद होते हैं। ऐसे में जिन लोगों में विटामिन-डी की कमी की दिक्कत होती है, उन्हें नींद की समस्या हो सकती है।इसके अलावा विटामिन डी की कमी कुछ चिकित्सीय स्थितियों जैसे हाइपरथायरायडिज्म, मेटाबॉलिज्म दर में वृद्धि और कई अन्य समस्याओं का कारण हो सकती है। ये सभी स्थितियां नींद को प्रभावित कर सकती हैं।
कैसे ठीक करें अनिद्रा की समस्या

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सूरज के संपर्क के अलावा शरीर में विटामिन-डी को बढ़ाने के कई तरीके हैं। इस बारें में डॉक्टर से सलाह लेकर उपाय शुरू कर देने चाहिए। कुछ लोगों में विटामिन-डी सप्लीमेंट्स से नींद की समस्या को ठीक करने में आराम मिल सकता है। धूप के अलावा फैटी फिश जैसे सैल्मन, टूना, साबुत अनाज अनाज, मूंगफली और डेयरी उत्पादों में विटामिन डी की अच्छी मात्रा पाई जाती है।
अनिद्रा को ठीक करने के लिए अन्य तरीके

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक नींद विकारों को ठीक करने के लिए विटामिन-डी की कमी को दूर करने के अलावा कुछ और बातों का भी विशेष ख्याल रखा जाना चाहिए।

सोने के शेड्यूल को ठीक करें, सोने और जागने का समय निर्धारित करें, इससे समस्या को ठीक करने में मदद मिल सकती है।
शारीरिक सक्रियता को बढ़ाना बहुत आवश्यक है।
दिन में नींद लेने से बचें इससे भी अनिद्रा की समस्या बढ़ सकती है।
कैफीन और अल्कोहल का सेवन सीमित करें, निकोटीन का प्रयोग न करें, ये भी दिक्कतें बढ़ा देती हैं।
सोने से पहले हल्का भोजन करें।
आहार को स्वस्थ और पौष्टिक रखने पर ध्यान दें।

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info